
Manipur Violence : मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़कने की खबर सामने आ रही है। यहां उखरूल जिले में कुछ बदमाशों ने लिटन सारेइखोंग गांव में कई घरों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद स्थिति बेकाबू होने की आशंका में प्रशासन ने जिले भर में कर्फ्यू लगा दिया है। इसके साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी पांच दिन के लिए बंद कर दी गई है।
गांव छोड़कर भागे लोग
अधिकारियों के अनुसार, सशस्त्र समूहों ने पहाड़ी गांव के पास हवा में कई राउंड फायरिंग की, जिससे ग्रामीण भयभीत होकर पड़ोसी कांगपोकपी जिले के सुरक्षित क्षेत्रों की ओर भागने लगे। तांगखुल गांव के कई लोग भी अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
जिले के कुछ क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू
बढ़ती अशांति को देखते हुए मणिपुर सरकार के गृह आयुक्त ने उखरूल जिले में इंटरनेट सेवाओं को पांच दिनों के लिए निलंबित करने के आदेश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि अफवाहों और गलत सूचनाओं के फैलने से स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिए इसे नियंत्रित करना आवश्यक है। सुरक्षा बढ़ाने के लिए जिले के कुछ क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू किया गया है और पुलिस तथा सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
हिंसा की शुरुआत
हिंसा की शुरुआत शनिवार रात लीटन गांव से हुई, जहां तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। रविवार को मामले को सुलझाने के प्रयास नहीं हो सके, जिसके बाद सोमवार आधी रात को हथियारधारी समूहों ने लीटन साराईखोंग में तांगखुल नागा समुदाय के घरों को आग के हवाले किया। इसके जवाब में नाग समुदाय ने कुकी समुदाय के घरों को निशाना बनाया।
मामले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, के. लुंगविराम गांव में भी एक घर को आंशिक नुकसान पहुंचा, लेकिन सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया। मामले की जांच जारी है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
ये भी पढ़ें – आनंदपुर साहिब में पुल-सड़क परियोजनाओं को मंत्री बैंस का हरी झंडी, प्रोजेक्ट्स सुधारेंगे जीवन, रोजगार और कनेक्टिविटी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









