कार्यकर्ता सावधान रहें, अपने बूथ की रखवाली करें…अखिलेश यादव बोले- आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव

Lok Sabha Election 2024
Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की कलई खुल चुकी है। भ्रष्टाचार को लेकर नैतिकता का बुलबुला फूट चुका है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है। भाजपा ने भ्रष्टाचारियों को तो अपनाया ही साथ में उनके भ्रष्ट तरीके से कमाए हुए धन को भी अपना बना लिया है।

अखिलेश यादव बिधवार को मुरादाबाद और नगीना में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों रुचि वीरा तथा मनोज कुमार के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठी पार्टी है। इसने किसानों, नौजवानों, गरीबों सभी से झूठ बोलकर और झूठे वादे कर उन्हें बरगलाया है। 10 साल की सरकार में भाजपा का झूठ और लूट जनता के सामने आ गया है। भाजपा ने किसानों नौजवानों और देश की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा के भ्रष्टाचार से देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। इलेक्टोरल बांड ने भाजपा का बैंड बजा दिया है।

जातीय जनगणना पर अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की हर बात झूठी निकली न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला, भाजपा के वादे झूठे थे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन किसानों को उनका हक दिलाएगी, उनकी फसलों को एमएसपी की गारंटी देगी। नौजवानों को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। उन्होने कहा कि कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। देश में जातीय जनगणना कराकर सभी को हक और सम्मान दिया जाएगा। सामाजिक न्याय और सरकारी योजनाओं के रास्ते देश में गरीबी दूर की जाएगी।
वोट का अधिकार भी छीन लेगी भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र विरोधी है। भाजपा के नेता, सांसद कह रहे हैं कि चार सौ सीट जीतकर संविधान बदल देंगे। भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान को बदलना चाहती है। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों का हक अधिकार छीनना चाहती है। भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को हर हालत में हराकर सत्ता से बाहर करना होगा। भाजपा फिर सत्ता में आ गयी तो वोट का अधिकार भी छीन लेगी। सभी को एकजुट होकर सावधान रहकर इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट करना है। यह चुनाव पहले के चुनावों से अलग और विशेष चुनाव है। यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है।
आपका वोट लोकतंत्र बचाने का करेगा काम
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग किया। विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमें लगाकर फंसाया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर झूठे मुकदमें लगाए, झारखण्ड के सीएम रहे हेमंत सोरेन पर झूठे मुकदमें लगाये। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां साहब और उनके परिवार पर झूठे मुकदमें लगाए है। भाजपा चुनाव हार रही है इसीलिए झूठे मुकदमें लगाकर परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ता सावधान रहें। अपने बूथ की रखवाली भी करनी है। आपका वोट लोकतंत्र बचाने, संविधान बचाने का काम करेगा। अखिलेश यादव ने उपस्थित जनसमुदाय के साथ-साथ मुरादाबाद, बिजनौर, नगीना, रामपुर, सम्भल में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप