Monsoon Rain Alert : देश के कई हिस्सों में मॉनसून की बारिश अब राहत के बजाय आफत बनती जा रही है. उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक कई राज्यों में तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है. नदियों का जलस्तर बढ़ने से असम और ओडिशा समेत कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि शहरों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है.
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. मौसम का यह मिजाज 14 अगस्त तक बना रह सकता है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज और कल बारिश का असर देखने को मिलेगा. पूर्वी यूपी में आज और कल भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 10 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है.
बिहार में 12 अगस्त तक कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होगी. 13 और 14 अगस्त को राज्य में व्यापक भारी बारिश की संभावना है. आज भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 14 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है. झारखंड में आज और कल, जबकि ओडिशा में कल और परसों भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में भी 14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. आज यहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 14 अगस्त तक बारिश का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 अगस्त तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









