Punjab News : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ जालंधर में आयोजित ट्रेड कमीशन की बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार व्यापारियों और कारोबारियों की मदद के लिए हमेशा तत्पर है. इसी उद्देश्य से पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है, जो व्यापारियों की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान कर रहा है.
केजरीवाल ने छोटे व्यापारियों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि इससे पहले किसी भी सरकार ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना, उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों में व्यापारियों से वसूली की जाती थी, जिसे भगवंत मान सरकार ने बंद कर दिया है.
पंजाब के इतिहास में पहली बार
व्यापारियों से संवाद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार को काम करते हुए चार साल पूरे हो चुके हैं, उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई सरकार चार साल बाद भी लोगों के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद कर रही है, उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार के कामों से संतुष्ट है और उसे दोबारा सत्ता में देखना चाहती है.
उन्होंने कहा कि जब पंजाब की अर्थव्यवस्था और जीडीपी की बात होती है तो बड़े उद्योगपतियों और बड़े निवेश की चर्चा होती है, जबकि अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे व्यापारी हैं, उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन बनाया गया है.
पूरे पंजाब में 800 छोटी-बड़ी मार्केट चिन्हित
केजरीवाल के मुताबिक यह कमीशन राज्य, जिला और हलका स्तर पर काम करता है. पूरे पंजाब में करीब 800 छोटी-बड़ी मार्केट चिन्हित की गई हैं. व्यापारियों की समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचती हैं और उनका समाधान किया जाता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में व्यापारियों और उद्योगपतियों से वसूली की जाती थी, जबकि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को खत्म कर दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर अब दूसरी तरह की वसूली शुरू हो गई है, उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए अपनी पार्टी को जनता के लिए काम करने वाली पार्टी बताया.
गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई का दावा
केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले साल पंजाब से एक राजनीतिक दल को 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि आम आदमी पार्टी को 70 लाख रुपये का चंदा मिला, उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों और उद्योगपतियों को केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर चंदा लिया जा रहा है.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई थी तब गैंगस्टर और नशा दो बड़ी चुनौतियां थीं, उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और विदेशों में बैठे कई गैंगस्टरों को वापस लाकर कार्रवाई की गई है.
नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी
नशे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा तस्करों और तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, उन्होंने बताया कि नशे के पैसों को हवाला के जरिए बाहर भेजने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है, उन्होंने दावा किया कि पंजाब-पाकिस्तान सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए जाने के बाद सीमा पार से आने वाले नशे पर काफी हद तक रोक लगी है.
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और लोगों के सहयोग से इस अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- Middle East Conflict : ईरान ने अमेरिका पर जताया अविश्वास, भारतीय जहाजों की सुरक्षा पर उठे सवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









