Haryana News : हरियाणा के सिरसा में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिरसा की पावन भूमि पर नारी शक्ति को समर्पित इस कार्यक्रम में आना उनके लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही धरती है जहां से कई संतों ने समाज को सही रास्ता दिखाने का काम किया है।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के 11 साल
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर पूरा देश अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, वहीं दूसरी ओर “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के 11 साल पूरे होने का भी गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि आज हमारी बेटियां अपनी मेहनत के दम पर नई-नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी में भी बेटियों की उपलब्धियों की झलक देखने को मिली।
लाडो लक्ष्मी योजना पर बड़ा ऐलान
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में वर्ष 2026–27 के बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही विधवा, वृद्धावस्था और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए 1137.84 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की गई है।
स्टार्टअप्स की संख्या को बढ़ाने में मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज से महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा अध्याय की भी शुरुआत की गई है। उनका कहना है कि यह मंच महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की संख्या को बढ़ाने में मदद करेगा और इसे 61 प्रतिशत तक ले जाने में कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन महिलाओं के लिए भी बहुत फायदेमंद होगा जो अपना खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं।
महिलाओं को दिया जाएगा 33 प्रतिशत आरक्षण
उन्होंने यह भी कहा कि जो उद्योग हरियाणा की महिलाओं को रोजगार देंगे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। इसके अलावा 2026–27 के बजट में 4000 नए राशन डिपो खोलने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिनमें 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जाएगा।
4000 प्लेवे स्कूल भी खोले गए
मुख्यमंत्री ने बताया कि कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने विस्तृत क्रेच नीति लागू की है, ताकि काम करने वाली महिलाओं के बच्चों की सही देखभाल हो सके। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में 845 क्रेच सेंटर चल रहे हैं और इसके अलावा 4000 प्लेवे स्कूल भी खोले गए हैं।
लखपति दीदी बनाने की दिशा में तेजी
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कई और योजनाओं पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में तेजी लाने के लिए इस बजट में पिंक कैब योजना का भी प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत जो महिलाएं कैब चलाना चाहती हैं, उन्हें वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भी कई योजनाएं चला रही है। इसके साथ ही प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पूरे समाज का साथ जरूरी है।
ये भी पढ़ें- महिला दिवस पर AAP पार्टी का ऐलान, पंजाब की हर महिला को ₹1 हजार और एससी महिला को मिलेंगे 1500 हर महीने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









