
Divorce Victims will visit Shree Ram Mandir: श्रीराम की भक्ति रूपी वर्षा में मजहब की दीवार ढह गई है। वो शादी के पवित्र बंधन में ठुकराई जा चुकी हैं लेकिन उन्होंने राम को अपनाया है। ये दास्तां है बरेली की तीन तलाक पीड़ित मुस्लिम महिलाओं की। वो प्रभु श्रीराम के दर्शन को अयोध्या भी जाएंगी और उन्हें अपने हाथों से बारीक कारीगरी कर बनाए गए वस्त्र भी भेंट करेंगी।
बरेली में जरीजरदोजी से बनाईं प्रभु की पोशाकें
अयोध्या से बहती समरसता की नदी में आस्था का उत्साह हिलोरे ले रहा है। देश का हर शहर और गांव में होकर गुजरती नदी बरेली भी पहुंची है। यहां तीन तलाक की पीड़िताओं ने रामलला को अपना आराध्य माना है। उन्होंने उनके लिए बरेली की फेमस कारीगरी जरीजरदोजी से पोशाक बनाईं हैं। वैलवेट पर बनी इन पोशाकों में लगे खूबसूरत मोती उसकी सुंदरता को चार चांद लगा रहे हैं।
Divorce Victims will visit Shree Ram Mandir: 26 जनवरी को करेंगी दर्शन
तीन तलाक के खिलाफ आवाज उठाने वाली ‘मेरा हक’ फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने बताया कि महिलाएं 26 जनवरी को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगी। वो न सिर्फ उनके दर्शन करेंगी बल्कि उन्हें अपने हाथों से बनाए गए वस्त्र भी भेंट करेंगी।
जुटा रहीं सहयोग राशि
उन्होंने बताया कि मुस्लिम महिलाएं अभियान चलाकर इसके लिए सहयोग राशि जुटा रही हैं। ये महिलाएं बरेली, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, प्रयागराज समेत 30 जनपदों से चंदा जुटाएंगी। फरहत कहती हैं, जो भी राशि एकत्रित होगी, उसे वे राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप देंगी। फरहत कहती हैं, ईदगाह के लिए हिंदुओं ने जमीन दान में दी, तो हम मंदिर निर्माण में सहयोग क्यों नहीं कर सकते।
‘अनुमति मिले तो हर साल तैयार करें वस्त्र’
महिलाओं का कहना है कि उन्हें ट्रस्ट से अनुमति मिले, तो वे हर साल रामलला के लिए अपने हाथ से वस्त्र तैयार करेंगी। दरअसल, मेरा हक फाउंडेशन से जुड़ी महिलाएं जरी जरदोजी का काम करती हैं। इसका बारीक काम हाथ से ही किया जाता है।
रिपोर्टः रूपेंद्र कुमार, संवाददाता, बरेली, उत्तरप्रदेश
ये भी पढ़ें:Delhi-NCR: श्री राम के भक्तों में दिखा उत्साह, भगवा वस्त्र पहनकर पूर्वी दिल्ली में निकाली शोभा यात्रा…
Follow us on: https://twitter.com/HindiKhabar