Delhi Weather: राजधानी में फिर हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने आज के लिए जारी किया यलो अलर्ट

Delhi Weather Update
नई दिल्लीः देश की राजधानी में हर सुबह सड़कों पर कोहरे की चादर देखने को मिलती है। जिसकी वजह से आज सुबह 10 बजे तक राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा नजर आया। विजिबिलिटी कम होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सुबह घने कोहरा छाया रहने के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधि के कारण 3 और 4 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है। जिसके बाद न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि आज दोपहर में धूप निकलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में सुबह-शाम शीतलहर के चलने से ठंड का प्रकोप बना हुआ है। राजधानी में तापमान गिरावट और हवा में नमी का स्तर ज्यादा रहने की वजह से देर सुबह तक सड़कों पर कोहरा छाया रहा। वहीं दिल्ली के लोगों को भीषण ठंड और हवाओं के कारण होने वाली ठिठुरन से राहत मिलने का इंतजार है।