Delhi Weather : पूरा उत्तर भारत इस समय घने कोहरे की चपेट में है और राजधानी की सुबह भी आज कुछ ऐसी ही तस्वीर लेकर सामने आई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लगभग सभी इलाकों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. सुबह के समय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई. वहीं आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 273 के स्तर पर बना हुआ.
दिल्ली-NCR में बीते 24 घंटों के दौरान घने कोहरे का असर बना रहा. सोमवार को पूरे दिन धूप नहीं निकल सकी और करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है.
IMD ने येलो अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने वाली है. इसी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खास तौर पर सुबह और देर रात यात्रा करते समय सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि कोहरे का असर सड़क के साथ-साथ हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है.
सुबह घना कोहरा रहने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 19-20 डिग्री और न्यूनतम 7-8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने की आशंका है, इसलिए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. IMD के मुताबिक 8 फरवरी तक मौसम में किसी भी तरह का कोई बदलाव की संभावना नहीं हैं और कोहरा व ठंड बनी रहेगी.
5 फरवरी की रात से दूसरा विक्षोभ असर दिखाएगा
मौसम विभाग ने बताया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं. पहला पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी की रात से और दूसरा 5 फरवरी की रात से प्रभाव डालेगा. इसके चलते 2 और 3 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि 6 और 7 फरवरी को कई क्षेत्रों में फिर से हिमपात की संभावना है.
इस सिस्टम के असर से अगले दो दिनों में उत्तर भारत के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं उत्तर मध्य प्रदेश के जिलों, पूर्वी राजस्थान और दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं.
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी के आरोप हुए बेबुनियाद, बीजेपी ने जारी किया पूर्व सेना प्रमुख नरवणे का वीडियो
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









