Chhattisgarh

कांकेर में आठ लाख की इनामी महिला नक्सली और उसका सहयोगी गिरफ्तार

Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मामले में सुकमा जिले में एक बच्ची घायल हो गई। आईईडी विस्फोट होने से बच्ची घायल हुई है, जो नक्सलियों ने लगाया था।

छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर में आठ लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों की संभागीय समिति की सदस्य मालती उर्फ ​​राजे और उसे अपने घर में पनाह देने वाले श्यामनाथ उसेंडी को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि राजे के पति को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने दंपति की गिरफ्तारी को राज्य में नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया। उन्होंने बताया कि राजे नक्सलियों के उत्तरी बस्तर संभाग के रावघाट क्षेत्र समिति की प्रभारी थी और उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

कांकेर से गिरफ्तार किया गया

पुलिस को पिछले कुछ दिनों से रायपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर कोयलीबेड़ा क्षेत्र में उसकी गतिविधि के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कौडोसाल्हेभाट गांव में राजे की मौजूदगी का पता चला जहां उसेंडी ने उसे पनाह दी थी। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि राजे का पति प्रभाकर उर्फ ​​बालमुरी राव स्पेशल जोनल कमेटी रैंक का काडर है। उसे बिते साल 22 दिसंबर को कांकेर से गिरफ्तार किया गया था।

हालत स्थिर बताई जा रही हैं

सुकमा के एक अन्य मामले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में दस साल की लड़की घायल हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार शाम चिंतलनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिम्मापुरम गांव के बाहरी इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लड़की ने अनजाने में प्रेशर आईईडी पर पैर रख दिया, जिसके कारण उसमें विस्फोट हो गया। अधिकारी ने बताया कि लड़की को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : आज के दिन देश में मनाया जा रहा है राष्ट्रीय युवा दिवस, जानिए क्या है इतिहास

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button