
चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने धोनी के अगले साल भी IPL खेलने की उम्मीद जताई है। CSK ने IPL 2023 का आखिरी घरेलू मैच KKR के खिलाफ चेपॉक स्टेडियम में 14 मई को खेला। इस मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे मैदान का चक्कर लगाया और साइन की हुई गेंदें फैंस को दीं।
चेन्नई के CEO का बयान
इसके बाद फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए थे कि यह धोनी का आखिरी सीजन है। इसी बीच टीम के सीईओ ने कहा है कि हम उम्मीद करते हैं महेंद्र सिंह धोनी अगला आईपीएल भी खेलेंगे। इस बयान ने थाला के करोड़ों फैंस को राहत दी है।
इस सीजन की शुरुआत से ही एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन उन्होंने सीजन के बीच ही इस पर बात की थी। एक मैच में टॉस के दौरान टीवी प्रेजेंटर डैनी मोरिसन ने उनसे पूछा था कि आपको अपना आखिरी आईपीएल सीजन खेलते हुए कैसा लग रहा है?
धोनी ने इस पर जवाब देते हुए कहा था कि ये आपने तय किया है कि ये मेरा आखिरी सीजन है, मैंने नहीं। इस बयान से भरोसा हुआ था कि माही कहीं नहीं जा रहे हैं। वह अगले साल फिर से IPL खेलने आ रहे हैं।
इसके बाद अचानक चेपॉक स्टेडियम में धोनी जिस तरह दर्शकों से रूबरू हुए, उसने फैंस की चिंता बढ़ा दी। हालांकि अब CSK के CEO के बयान से उन्हें थोड़ा सुकून मिला है।
धोनी चेन्नई के लिए शानदार फिनिशर
IPL के इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई के लिए शानदार फिनिशर के साबित हुए हैं। उन्होंने अंत में आकर कई छोटी लेकिन प्रभाव डालने वाली पारियां खेलीं हैं। माही ने 13 मैचों की 9 पारियों में 49 की औसत से 98 रन बनाए हैं।
इस दौरान माही ने 196 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इन पारियों में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 32 रनों का रहा है। वहीं धोनी ने बल्ले से अब तक 10 छक्के और 3 चौके निकले हैं।
धोनी IPL के 18वें, 19वें और 20वें ओवर में सर्वाधिक 136 छक्के लगाने वाले विश्व के इकलौते बल्लेबाज हैं। उम्मीद है कि टीम के मध्यक्रम के लचर प्रदर्शन को देखते हुए माही ऊपर बल्लेबाजी करने आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स को बड़े स्कोर तक ले जाएंगे।