
New Delhi : गर्मी का समय आ गया है। दोपहर में गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। मई-जून में तापमान और बढ़ जाता है। कई शहरों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस भी पहुंच जाता है। इससे कार के कई हिस्सों में गर्मी का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे समय में अगर आप अपनी कार की उचित देखभाल नहीं करते तो आपको तगड़ा नुकसान भी हो सकता है। कुछ आसान तरीके अपनाकर आप बड़े नुकसान से बच सकते हैं और कार की परफॉर्मेंस भी बेहतर बना सकते हैं।
ऑयल की जांच जरूरी
वैसे तो डीपस्टिक से समय-समय पर इंजन में ऑयल लेवल की जांच करते रहना चाहिए, लेकिन गर्मी के समय जल्दी-जल्दी चेक कराना चाहिए। क्योंकि गर्मी के समय में ऑयल की क्वालिटी जल्दी खराब होती है। इससे इंजन पर बुरा असर पड़ता है। इंजन ऑयल के साथ ब्रेक फ्लूइड, ट्रांसमिशन फ्लूइड और पावर स्टीयरिंग फ्लूइड की भी जरूर जांच कराएं। इससे कार की परफॉर्मेंस बेहतर बनी रहेगी।
इंजन ओवरहीटिंग की समय-समय पर जांच
गर्मी के दिनों में इंजन का तापमान तेजी से बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर कूलिंग सिस्टम और कूलेंट लेवल की जांच करते रहें। कूलिंग फैन सही से चल रहा है कि नहीं इसको भी जांचें। विशेषज्ञों का मानना है कि कूलिंग सिस्टम में कूलेंट और पानी का मिश्रण 50:50 होना इंजन के लिए बेहतर माना जाता है।
कार मैनुअल के हिसाब से रखें टायर प्रेशर
गर्मी के दिनों में तापमान ज्यादा होने से टायर की हवा ज्यादा फैलती है इससे टायर पर प्रेशर बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में टायर के फटने और जल्दी घिसने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी समस्या से बचने के लिए हफ्ते में एक बार टायर प्रेशर जरूर कर लें, और कार मैनुअल के हिसाब से हवा का लेवल रखें।
बैटरी रखें दुरुस्त
कार में बैटरी की समस्या केवल सर्दियों में ही नहीं होती बल्कि गर्मी में भी ये समस्या आती है। गर्मी में तापमान बढ़ने से लिक्विड जल्दी सूखता है, और तेज केमिकल रिएक्शन होते हैं। इससे बैटरी लाइफ कम होने लगती है। इससे बचाव का सबसे आसान उपाय है- समय-समय पर बैटरी टर्मिनल साफ रखें और जंग से बचाएं। साथ ही बैटरी अगर 3 साल पुरानी हो तो इसकी जांच जरूर कराएं। कोई खराबी हो तो तुरंत सही कराएं, नहीं तो बाद में खर्चे बढ़ सकते हैं।
पेंट का भी रखें ख्याल
अक्सर लोग कार के इंजन, बैटरी, ऑयल जैसे चीजों पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन कार के पेंट और इंटीरियर का ध्यान रखना भूल जाते हैं। इससे कार की परफॉर्मेंस तो अच्छी रहती है, लेकिन पेंट की मजबूती कम हो जाती है और इंटीरियर खराब हो जाता है।
तेज धूप से कार के पेंट और अंदरूनी हिस्सा प्रभावित हो जाता है। इससे बचने के लिए समय-समय पर कार वॉश और वैक्सिंग कराएं और कार खड़ी करने पर कवर से हमेशा ढक के रखें। इससे पेंट और इंटीरियर सुरक्षित रहेगा।
इन सावधानियों से आप गर्मियों में भी बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा के मजे ले सकेंगे और आपकी कार भी सुरक्षित और बेहतर परफॉर्मेंस देगी।
ये भी पढ़ें – गैस, बिजली, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कल करेगी विधानसभा का घेराव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









