Uttar Pradesh

Bareilly: छेड़छाड़ का विरोध किया तो छात्रा को चलती ट्रेन के आगे फेंका, एक हाथ-दोनों पैर कटे

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सीबीगंज इलाके में मनचलों ने कोचिंग से लौट रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया। छात्रा ने जब इसका विरोध जताया तो मनचलों ने उसे चलती ट्रेन के आगे फेंक दिया। घटना में छात्रा बुरी तरह जख्मी हो गई है। उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया है। छात्रा की कई हड्डियां भी टूट गई हैं। अस्पताल में छात्रा को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

Bareilly: शिकायत करने पर भी नहीं माने मनचले

छात्रा का परिवार सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहता है। छात्रा पीड़िता इंटर की स्टूडेंट है। वह हर दिन शाम को सीबीगंज में कोचिंग पढ़ने जाती है। आरोप है कि छात्रा के आने-जाने के दौरान एक मनचला और उसका साथी उससे छेड़छाड़ करते थे। छात्रा ने घरवालों को इस बारे में बताया तो उन्होंने आरोपियों के घरों पर शिकायत की, लेकिन वह नहीं माने।

कोचिंग से लौट रही थी छात्रा

छात्रा के चाचा ने बताया कि मंगलवार शाम उसकी भतीजी कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान खड़ौआ रेलवे क्रॉसिंग के पास वह लहूलुहान हालत में मिली। उसके दोनों पैर और एक हाथ कटे हुए थे। उन्हें पता लगा है कि दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी।

छात्रा अस्पताल में भर्ती

छात्रा को मिनी बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस मामले में इंस्पेक्टर सीबीगंज अशोक कुमार कांबोज ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने ही उसे इज्जतनगर क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान का कहना है कि छात्रा के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी विजय और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट – रूपेंद्र कुमार, संवाददाता, बरेली

ये भी पढ़ें: Uttarakhand: कल उत्तराखंड जाएंगे पीएम मोदी, गूंजी गांव में सेना, ITBP और BRO के जवानों से करेंगे बातचीत, 4200 करोड़ की देंगे सौगात

Related Articles

Back to top button