वकील की ड्रेस में आया हमलावर गिरफ्तार, कोर्ट परिसर में संजीव जीवा को मारी थी गोली

Share

लखनऊ की एक अदालत में गैंगस्टर संजीव जीवा पर गोली चलाने वाला पकड़ लिया गया है। कोर्ट परिसर से आ रहे वीडियो में आरोपी पुलिसवालों और वकीलों के बीच घिरा दिख रहा है। आरोपी का नाम विजय यादव बताया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वह यूपी के जौनपुर का रहने वाला है। कोर्ट में मौजूद एक वकील ने बताया कि विजय ने खुद बताया कि वो संजीव जीवा की हत्या करने ही आया था लेकिन क्यों, ये फिलहाल साफ नहीं है।

इससे पहले अदालत में सुनवाई के लिए पहुंचे गैंगस्टर संजीव जीवा की गोली लगने से मौत हो गई। वकील के भेष में आए हमलावर ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही जीवा अदालत परिसर में गिर गया और वहीं दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक संजीव पर किए गए हमले में एक महिला, एक बच्ची और दो पुलिस कॉन्सटेबल घायल हुए हैं।

एक घायल पुलिसकर्मी का नाम लाल मोहम्मद बताया गया है। दूसरे पुलिसकर्मी की पहचान नहीं हुई है। बता दें कि घायल महिला के अंगूठे में चोट आई है, वो सुरक्षित है। वहीं बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी गोली के छर्रे लगने से घायल हुए हैं। चश्मदीद वकील के मुताबिक, हत्या का आरोपी विजय यादव पुत्र श्यामा यादव जौनपुर जिले के केराकत तहसील के ग्राम सभा सुल्तानपुर इलाके का रहने वाला है।

(जौनपुर से अजीत कुमार सेठ की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *