
पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चल रही है। इसी बीच बीबीसी पंजाबी (BBC Punjabi) के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को अधिकारियों ने ब्लॉक कर दिया है। आपको बता दें कि बीबीसी न्यूज पंजाबी के ट्विटर प्रोफाइल पर एक जानकारी दी गई है, जिसपर लिखा @bbcnewspunjabi का अकाउंट एक कानूनी मांग के जवाब में भारत में बंद कर दिया गया है।
हालांकि, इस मामले पर अभी तक बीबीसी का अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए, ट्विटर पर अपने विचार बताए।
लखवीर सिंह ने ट्वीट किया, “अब बीबीसी न्यूज़ का पंजाबी ट्विटर हैंडल भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। सरकार मीडिया से डरती है जो सरकार की आलोचना करती है और सरकार को बेनकाब करती है। ऐसा लगता है जैसे भारत में, खासकर पंजाब में अघोषित आपातकाल लगाया जा रहा है।”
एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, “पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गलत सूचना फैलाने और भारत विरोधी प्रचार के लिए बीबीसी न्यूज पंजाबी ट्विटर अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।”
एक ताजा घटनाक्रम में, भगोड़े खालिस्तानी विचारक अमृतपाल सिंह की कथित सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें सहयोगी पापलप्रीत सिंह के साथ एनर्जी ड्रिंक का आनंद ले रहे हैं। 5 राज्यों की पुलिस भगोड़े अमृतपाल को पकड़ने के लिए कड़े प्रयास कर रही है। हालांकि, वो अभी भी अमृतपाल फरार है। आपको बता दें कि अमृतपाल फरारी में मनोरंजन कर रहा है, उसके चेहरे पर जरा भी शिकन नहीं है।
उसकी एक नई सेल्फी में उसने महरून रंग की पगड़ी बांध रखी है और हाथ में एनर्जी ड्रिंक थामे मजे करता दिखाई दे रहा है। हाल ही में पंजाब पुलिस की तरफ से उसके अलग-अलग लुक की तस्वीरें भी जारी की गई थी। हालांकि, पुलिस ने फोटो के समय और यहां तक कि इसकी प्रामाणिकता की भी पुष्टि नहीं की है।