Uttar Pradeshखेत-खलिहानराज्य

बागवानी मंत्री ने विकास केंद्र का नींव पत्थर रखने के साथ हाईटेक पॉलीहाउस इकाई का किया उद्घाटन

Punjab Horticulture : पंजाब में कृषि विविधीकरण और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए बागवानी क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में कदम उठाया गया है। बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने 27 नवंबर को लुधियाना के लाडोवाल में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत 7 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले बागवानी विकास केंद्र और प्रशासनिक परिसर का नींव पत्थर रखा। इसके साथ ही उन्होंने यहां हाईटेक पॉलीहाउस इकाई का उद्घाटन भी किया। मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और अधिक मूल्य वाली फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि उनकी आय बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा हों।

चार हाईटेक पॉलीहाउस में तैयार होगी लाखों पौध

इस परियोजना के तहत प्रशासनिक परिसर, प्लांट हेल्थ क्लीनिक, चार हाईटेक पॉलीहाउस, आधुनिक मशीनरी और उपकरणों के साथ बीज भंडारण शेड विकसित किए जाएंगे। इनमें से दो पॉलीहाउस में सब्जियों की पौध तैयार होगी, जिनकी सालाना उत्पादन क्षमता करीब 40 लाख पौध होगी। वहीं, बाकी दो पॉलीहाउस में हर साल लगभग 50 हजार अमरूद के पौधे तैयार किए जा सकेंगे। इन सुविधाओं से किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध होगी और वैज्ञानिक तरीके से खेती को बढ़ावा मिलेगा।

प्लांट हेल्थ क्लीनिक से बीमारियों और कीटों की होगी पहचान

बागवानी विकास केंद्र में स्थापित होने वाला प्लांट हेल्थ क्लीनिक किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। यहां पौधों में होने वाली बीमारियों, कीटों के हमलों और फसलों से जुड़ी अन्य समस्याओं की वैज्ञानिक तरीके से पहचान की जाएगी। साथ ही उनके प्रभावी प्रबंधन के लिए जरूरी सुविधाएं और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि विभाग के अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद और बागवानी निदेशक मनीष कुमार ने भी इस परियोजना को विभागीय तकनीकी ढांचे को मजबूत बनाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में 150 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, पौध संरक्षण और आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें- परिणाम भाषणों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, ईमानदारी व अपने कर्तव्य पूरे करने से आते हैं: CM योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button