
Punjab Gaushala Grant : पंजाब की भगवंत मान सरकार ने पशु कल्याण और बेसहारा पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की 520 पंजीकृत गौशालाओं के लिए एकमुश्त 100 करोड़ रुपये का अनुदान जारी करने को मंजूरी दे दी है। इनमें 500 गौशालाएं और 20 सरकारी कैटल पॉन्ड शामिल हैं। पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में यह राशि संबंधित गौशालाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस आर्थिक सहायता से करीब 2.20 लाख पशुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
शहरी के साथ ग्रामीण गौशालाओं को भी मिलेगा अनुदान
अमन अरोड़ा ने बताया कि पहले सरकारी वित्तीय सहायता का लाभ केवल शहरी नगरपालिका क्षेत्रों में स्थित 228 गौशालाओं को मिलता था, जबकि ग्रामीण इलाकों की 272 गौशालाएं इससे वंचित थीं। मुख्यमंत्री के साथ हुई समीक्षा बैठक में इस असमानता पर चर्चा के बाद सभी पंजीकृत गौशालाओं को सहायता देने का निर्णय लिया गया। अब गौशाला सरकारी हो या निजी और शहरी क्षेत्र में हो या ग्रामीण इलाके में, सभी को इस योजना के तहत आर्थिक मदद मिलेगी। सरकार के मुताबिक, अनुदान से गौशाला संचालक पशुओं के लिए पौष्टिक चारा, दवाइयां, इलाज और रखरखाव से जुड़े जरूरी खर्च पूरे कर सकेंगे।
गौशालाओं को मुफ्त बिजली और पुराने बिलों से भी राहत
मंत्री ने कहा कि भगवंत मान सरकार पहले भी गौशालाओं को आर्थिक और संस्थागत सहायता देती रही है। सरकार ने गौशालाओं को बिजली खर्च से छूट देने के साथ उनके 100 करोड़ रुपये के पुराने बकाया बिजली बिल भी माफ किए हैं। इसके अलावा हाल ही में गौ रक्षा दलों और गौशाला एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखी थीं। मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनने के बाद जल्द ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया था। अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार पशुधन की सुरक्षा और देखभाल में जुटे स्वयंसेवकों, गौ भक्तों और सामाजिक संस्थाओं को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
चारे, इलाज और देखभाल पर खर्च होगी अनुदान की राशि
राज्य सरकार के अनुसार, 100 करोड़ रुपये की यह सहायता गौशालाओं में रह रहे पशुओं की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी। इससे चारे, स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों, रहने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकेगा। अमन अरोड़ा ने इसे पशु कल्याण और ‘सरबत दे भले’ की भावना के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि पशुओं की देखभाल में जुटी संस्थाओं को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें – हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों का सहारा बनेगी योगी सरकार, 1 दिसंबर से खुलेंगे निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









