
UP Labour Camps : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के दौरान निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए योगी सरकार ने विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत प्रदेश के 18 महानगरों में 1 दिसंबर 2026 से निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे शुरू किए जाएंगे। ये केंद्र 31 जनवरी 2027 तक संचालित होंगे। गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, अयोध्या समेत 18 शहरों में मजदूरों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था होगी, ताकि उन्हें खुले आसमान या सड़क किनारे रात न बितानी पड़े।
बिना पंजीकरण वाले मजदूर भी उठा सकेंगे सुविधा का लाभ
इस योजना की खास बात यह है कि श्रम विभाग में पंजीकृत नहीं होने वाले प्रवासी मजदूर भी इसका लाभ ले सकेंगे। राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लम्बर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर और निर्माण कार्यों से जुड़े अन्य श्रमिक वैध पहचान पत्र दिखाकर निशुल्क ठहर सकेंगे। लेबर अड्डों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी रहेगी। जिलाधिकारी स्थानीय जरूरत के अनुसार रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, श्रमिक मंडियों, औद्योगिक क्षेत्रों और बड़े निर्माण स्थलों के आसपास इन केंद्रों की जगह और संख्या तय करेंगे। यहां 30 या 60 बेड की क्षमता वाले केंद्र स्थापित किए जा सकेंगे। महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग सुरक्षित व्यवस्था होगी।
रहने के साथ मुफ्त गर्म और पौष्टिक भोजन भी मिलेगा
अस्थायी लेबर अड्डों में श्रमिकों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। ठंड से बचाव के लिए गद्दे, चादर, तकिए और पर्याप्त कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा 24 घंटे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर और सुरक्षा मानकों के अनुरूप हीटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। श्रमिकों को रात में ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन निशुल्क मिलेगा। भोजन की व्यवस्था सामुदायिक रसोई, स्वयं सहायता समूहों या अधिकृत स्थानीय एजेंसियों के माध्यम से होगी। इसके लिए प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च निर्धारित किया गया है।
18 जिलों को 10-10 लाख रुपये का अग्रिम बजट
योजना के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से बजट जारी किया गया है। प्रत्येक चयनित जनपद को अग्रिम तौर पर 10 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। दो महीने के संचालन के लिए 30 बेड वाले केंद्र पर 5.92 लाख रुपये और 60 बेड वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये खर्च निर्धारित किया गया है। व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारियों द्वारा नामित नोडल अधिकारी और श्रम विभाग के अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे। लाभार्थियों की संख्या और भोजन वितरण का सत्यापन दैनिक उपस्थिति रजिस्टर तथा जियो-टैग तस्वीरों से किया जाएगा। केंद्रों पर योजना, सुविधाओं और संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में खादी को मिला नया विस्तार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार का बन रहा मजबूत आधार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









