Uttar Pradesh

CM योगी के गढ़ गोरखपुर से अखिलेश यादव निकालेंगे PDA रथ, चुनावी अभियान को देंगे धार

UP News : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों ही अपनी चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने में जुटी हैं. इसी कड़ी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर पहुंचेंगे. यहां वह PDA रथ के जरिए पार्टी के राजनीतिक अभियान को आगे बढ़ाएंगे. उनके इस दौरे को पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान के जरिए गोरखपुर के लिए रवाना होंगे. सुबह 11:45 बजे उनके गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है. यहां से दोपहर 12 बजे वह समाजवादी पार्टी के PDA रथ में सवार होकर चौरी-चौरा के ग्राम देवकही जाएंगे.

बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

अखिलेश यादव दोपहर करीब 2 बजे देवकही पहुंचेंगे. यहां वह महान क्रांतिकारी और अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे. कार्यक्रम के बाद दोपहर 3:30 बजे वह कार से गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे तक वहां पहुंचने का कार्यक्रम है.

2027 चुनाव से पहले सपा की पूर्वांचल पर नजर

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र में अखिलेश यादव के PDA रथ के पहुंचने को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. सपा इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी गोरखपुर में रथ यात्रा निकाल चुकी है. वहीं, 24 सितंबर को रायबरेली के बछरावां स्थित चुरुवा गांव और 20 अक्टूबर को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से भी PDA प्रचार रथ रवाना किए गए थे. अब गोरखपुर के इस कार्यक्रम के जरिए सपा पूर्वांचल में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की तैयारी में है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button