विदेश

अमेरिका में हवाई संकट बरकरार, 530 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, हजारों यात्री परेशान

US Flight Crisis : अमेरिका में हवाई यात्रा का संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर रविवार को भी जारी रहने की आशंका है. इस गड़बड़ी के चलते हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है. कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि बड़ी संख्या में विमानों को देरी से रवाना किया गया. एयरलाइंस अब अपनी सेवाओं को सामान्य करने में जुटी हैं, लेकिन हालात पूरी तरह संभलने में अभी समय लग सकता है.

एविएशन ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार शाम 6:45 बजे ET तक अमेरिका में 6,150 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और 7,300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई थी. शुक्रवार को स्थिति इससे भी ज्यादा खराब रही. उस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद्द हुईं और 7,500 से ज्यादा उड़ानें विलंबित रहीं. वहीं, शनिवार शाम तक रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानें भी रद्द की जा चुकी थीं.

डेनवर एयरपोर्ट पर भी भारी असर

इस तकनीकी संकट का असर अमेरिका के प्रमुख हवाई अड्डों पर भी देखने को मिला. शनिवार को डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कम से कम 430 उड़ानों में देरी हुई, जबकि 380 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं. बड़ी संख्या में यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा.

पुराना हार्डवेयर बना परेशानी की वजह

FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने यात्रियों से इस असुविधा के लिए माफी मांगी है, उन्होंने कहा कि एविएशन सिस्टम स्थिर है और रविवार देर तक कामकाज काफी हद तक सामान्य होने की उम्मीद है. वहीं, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का पुराना हार्डवेयर इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह बना, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह साइबर हमला नहीं था.

शुक्रवार को FAA ने करीब पांच घंटे तक ग्राउंड स्टॉप लागू किया था, जिसके कारण लगभग सभी उड़ानों को रोकना पड़ा. अब एयरलाइंस के सामने विमानों, पायलटों और क्रू सदस्यों को दोबारा व्यवस्थित कर हवाई सेवाएं सामान्य करने की बड़ी चुनौती है.

ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में पांच दिन की न्यायिक हिरासत भेजे गए सौरव दास और रांका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button