Punjab

पंजाब में 2.86 लाख लोगों को ₹1,164 करोड़ की मदद, आशीर्वाद योजना में जांच के आदेश

Punjab Ashirwad Yojana : पंजाब की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मान सरकार ने आशीर्वाद योजना के तहत 2.86 लाख लाभार्थियों को 1,164 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता दी है। योजना में 62 कथित अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच होगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रदेशभर में वित्तीय सहायता के वितरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Punjab Ashirwad Yojana : सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आशीर्वाद योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों तक ही पहुंचे।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान आशीर्वाद योजना के तहत 2.86 लाख लाभार्थियों को 1,164 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता पारदर्शी तरीके से जारी की है।

दोषी पाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई

मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमृतसर जिले में सामने आए अनियमितताओं के 62 कथित मामलों, जिनमें लगभग 31.62 लाख रुपये की राशि शामिल है, को सरकार ने गंभीरता से लिया है। इन मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करवाई गई है तथा जांच के दौरान दोषी पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभाग को प्रदेश के सभी जिलों में आशीर्वाद योजना के तहत जारी की गई वित्तीय सहायता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार द्वारा जारी की गई प्रत्येक राशि सही एवं पात्र लाभार्थी तक पहुंचे और सरकारी धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ हो।

अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए है और सरकारी धन के एक-एक पैसे का उचित इस्तेमाल सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा की तैयारी तेज, 200 शटल बसें, 20 क्लिनिक और पुलिस सहायता केंद्र होंगे स्थापित

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button