
Ramayana Box Office Collection: रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी का नतीजा है कि फिल्म ने महज आठ दिनों में दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ ‘रामायण’ सबसे कम समय में 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इतना ही नहीं, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शाहरुख खान की ‘पठान’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
आठवें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, ‘रामायण’ ने रिलीज के आठवें दिन यानी गुरुवार को सभी भाषाओं में 53.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल नेट कमाई 564.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 675.05 करोड़ रुपये हो चुका है।
विदेशों में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ओवरसीज मार्केट से अब तक 358.50 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। घरेलू और विदेशी बाजारों के कारोबार को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,033.55 करोड़ रुपये हो गया है। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने 1000 करोड़ क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है।
शाहरुख खान की ‘पठान’ और ‘एनिमल’ का रिकॉर्ड टूटा
‘रामायण’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 560 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते ही कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ ने अपने पूरे सिनेमाघरों के प्रदर्शन के दौरान 544.28 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ का लाइफटाइम नेट कलेक्शन 556.36 करोड़ रुपये रहा था।
खास बात यह है कि ‘रामायण’ ने इन दोनों फिल्मों की कुल कमाई को केवल आठ दिनों में ही पीछे छोड़ दिया। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद है।
आठ दिनों में 1000 करोड़, सबसे तेज कमाई करने वाली तीसरी भारतीय फिल्म
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा हासिल करने के मामले में भी ‘रामायण’ ने बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यह मुकाम हासिल करके सबसे तेजी से 1000 करोड़ कमाने वाली भारतीय फिल्मों में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
इस सूची में ‘पुष्पा 2: द रूल’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पहले दो स्थानों पर हैं। इन दोनों फिल्मों ने महज सात दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया था। वहीं, ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ को इस उपलब्धि तक पहुंचने में 10 दिन लगे थे। इसके अलावा ‘आरआरआर’ ने 16 दिन और ‘जवान’ ने 18 दिन में 1000 करोड़ रुपये की कमाई पूरी की थी।
‘रामायण’ के दूसरे पार्ट में दिखेंगे सनी देओल
नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हुई ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म का सह-निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है।
फिल्म के अगले भाग को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, ‘रामायण’ का दूसरा पार्ट दिवाली 2027 या 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकता है। इसके सीक्वल में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म के पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट सीन में उनके किरदार की झलक भी दिखाई जा चुकी है। ऐसे में दर्शकों को अब इसके अगले भाग का इंतजार रहेगा।
ये भी पढ़ें – सियासी विरोध भुलाकर मिले सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर, बगल में बैठीं रोहिणी आचार्य की तस्वीर वायरल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









