Other States

कुलगाम CRPF हमले के बाद आतंकी संगठन की नई धमकी, जानें कौन है और क्या है इसका मकसद

Kulgam Attack : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद एक नए संगठन का नाम चर्चा में आ गया है. पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर नाम के संगठन ने कथित तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन के नाम से जारी बयान में भविष्य में भी हमले जारी रखने की धमकी दी गई है. बुधवार को हुए इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे. हालांकि, संगठन के दावे की आधिकारिक पुष्टि और हमले में उसकी भूमिका को लेकर जांच जारी है.

पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर को लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन बताया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि इस हमले के पीछे लश्कर से जुड़ा अब्दुल लतीफ हो सकता है. हालांकि, अभी तक जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है. एजेंसियां संगठन की वास्तविक पहचान और हमले से उसके संबंधों की पड़ताल कर रही हैं.

बयान में आगे हमले करने की धमकी

संगठन के नाम से जारी कथित बयान में आने वाले दिनों में और हमले करने की बात कही गई है. इसमें हिंदुत्ववादी सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है. बयान पर प्रवक्ता मोहम्मद उमर आजम का नाम दर्ज बताया गया है. सुरक्षा एजेंसियां इस तरह के धमकी भरे संदेशों को गंभीरता से ले रही हैं.

हमलावरों ने CRPF पर की थी फायरिंग

कुलगाम जिले के मीर बाजार इलाके में बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे CRPF के चेकपॉइंट पर हमला हुआ था. जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने जवानों पर अचानक गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे.

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की घटना दिखाई देने का दावा किया गया है. हालांकि, हमलावरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है.

सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं जांच

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. अब कथित जिम्मेदारी लेने वाले संगठन के दावे की भी जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान, संगठन की भूमिका और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं.

ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button