Weather Update : देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ा सकता है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 13 नवंबर तक मौसम खराब रह सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 12 और 13 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. कश्मीर घाटी में 12 नवंबर को कुछ जगह भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान ओले गिरने और बिजली चमकने की भी संभावना है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तराखंड और पंजाब में भी बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 12 से 14 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में भी इसी दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. पंजाब में 12 और 13 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने से आवागमन और पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.
बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है. इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. 14 नवंबर को यह सिस्टम अधिक स्पष्ट हो सकता है, जबकि 15 नवंबर के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है.
अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की चेतावनी
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 12 से 17 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 12 से 14 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर में भी बारिश
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 से 14 नवंबर और फिर 16 से 17 नवंबर तक बारिश के आसार हैं. 15 नवंबर को इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 12 से 15 नवंबर तक बारिश का अनुमान है, जबकि 16 और 17 नवंबर को इसका दायरा बढ़ सकता है. लक्षद्वीप में भी 12 से 17 नवंबर तक बारिश हो सकती है.
इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 तथा 15 से 17 नवंबर के बीच बारिश के आसार हैं. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 और 17 नवंबर को बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






