Uttar Pradesh

गाजियाबाद पुलिस चौकी में धमाका, आतंकी साजिश या महज हादसा? हर एंगल से जांच में जुटीं एजेंसियां

Police Chowki Blast : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी के भीतर हुए धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर विस्फोट किस वजह से हुआ. जांच में एसी का कंप्रेसर फटने या पटाखे से धमाका होने की आशंका भी सामने नहीं आई है. ऐसे में पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब घटना के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी हैं.

यह घटना वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुई. जिस जगह धमाका हुआ, वह इलाका काफी व्यस्त और संवेदनशील माना जाता है. चौकी के दोनों ओर सड़क है, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती है. इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की तरफ जाने वाला एलिवेटेड रोड भी गुजरता है. ऐसे में पुलिस चौकी के भीतर हुए विस्फोट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

CCTV फुटेज से भी नहीं मिला कोई सुराग

इस मामले की जांच में सबसे बड़ी मुश्किल घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों का न होना है. चौकी के मुख्य गेट पर लगे कैमरे में घटना से जुड़ी कोई तस्वीर रिकॉर्ड हुई है या नहीं, इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है.

धमाके की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. हालांकि, शुरुआती जांच में विस्फोट की प्रकृति और उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री का पता नहीं चल सका. घटनास्थल से जुटाए गए नमूनों और सबूतों को विस्तृत जांच के लिए आगरा भेज दिया गया है. अब फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

धमाके से टूटे शीशे, डिलीवरी बॉय घायल

शुक्रवार रात जिस समय धमाका हुआ, उस वक्त पुलिस चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर और सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय मौजूद था. विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि चौकी के दो कांच के शीशे टूट गए और एक दीवार में हल्की दरार आ गई. टूटे हुए कांच के टुकड़ों से डिलीवरी बॉय घायल हो गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञ और खुफिया विभाग के अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश एटीएस की एक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच रही है.

शहजाद भट्टी मॉड्यूल की भी जांच में चर्चा

बता दें कि हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने से जुड़े कई खुफिया इनपुट सामने आए हैं. कुछ समय पहले यूपी पुलिस ने आईएसआई से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल का खुलासा किया था. यूपी के कानून-व्यवस्था के एडीजी अमिताभ यश ने बताया था कि आरोपी पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे.

हालांकि, वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके का इन घटनाओं से कोई संबंध अभी सामने नहीं आया है. फिलहाल जांच एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं. अब फोरेंसिक रिपोर्ट और आगे की जांच से ही पता चलेगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी.

ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button