Delhi Air Pollution : दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. नवंबर की शुरुआत के साथ सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है. गुरुवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है. लेकिन दिल्लीवासियों के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चिंता ठंड नहीं, बल्कि जहरीली हवा बनी हुई है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार यानी 4 नवंबर को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 377 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. वहीं, गुरुवार सुबह 6 बजे कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में पहुंच गया. जहांगीरपुरी में AQI 459, आईआईटी दिल्ली में 450, पंजाबी बाग में 448, डीटीयू में 437, विवेक विहार में 436 और अलीपुर में 433 दर्ज किया गया. इसके अलावा मुंडका में 423, आईटीओ में 414 और बवाना में 413 AQI रहा.
जरूरी होने पर ही बाहर निकलें
मौसम की बात करें तो बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. इस बीच प्रदूषण का बढ़ता स्तर स्वस्थ लोगों के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकता है. विशेषज्ञों की सलाह है कि जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









