Punjab News : पंजाब में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी दी है. मोहाली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 801 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे. इसके साथ ही उन्होंने अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार में अब तक 71,777 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, उन्होंने इन नियुक्तियों को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बताते हुए पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा.
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार में किसी भी युवा को नौकरी पाने के लिए न तो पैसे देने पड़े और न ही किसी राजनीतिक सिफारिश की जरूरत पड़ी, उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में सरकारी नौकरियां लाखों रुपये लेकर और सिफारिशों के आधार पर दी जाती थीं. मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए कहा कि वे भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने लाकर दिखाएं.
उन्होंने कहा कि 801 परिवारों के लिए यह दिन बेहद खास है, क्योंकि उनके बच्चों ने अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर सरकारी नौकरी हासिल की है. नियुक्ति पत्र केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए सम्मान, उम्मीद और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक हैं.
विपक्ष को दी भ्रष्टाचार साबित करने की चुनौती
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने अपने निजी राजनीतिक हितों के लिए पंजाब को आर्थिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाया, उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्षी नेताओं को चुनौती दी कि अगर वे उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित कर देते हैं तो वे राजनीति छोड़ने के लिए तैयार हैं, उन्होंने अकाली नेतृत्व पर अपने शासनकाल में खनन समेत कई लाभदायक कारोबारों पर कब्जा करने और सरकारी संसाधनों का निजी हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया. अकाली दल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कभी 25 साल तक पंजाब पर शासन करने का दावा करने वाली पार्टी आज अपने बीच 25 भरोसेमंद नेता तलाशने के लिए संघर्ष कर रही है.
PSPCL में 600 और नौकरियों के अवसर
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में सहायक पदों पर लगभग 600 अतिरिक्त भर्ती के अवसर तैयार किए गए हैं, उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह भी 600 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी.
नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने उनसे ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील की. साथ ही युवाओं को केवल सरकारी नौकरी मिलने तक सीमित न रहने और यूपीएससी की तैयारी कर IAS और IPS अधिकारी बनने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया.
शिक्षा में पंजाब को नंबर वन बनाने का दावा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पंजाब प्राथमिक शिक्षा और स्कूली शिक्षा के मामले में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है, उन्होंने दावा किया कि राज्य ने स्कूली शिक्षा में केरल को भी पीछे छोड़ दिया है.
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, ताकि वे देश के बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंच सकें, उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं की प्रतिभा को केवल सीमित रोजगार विकल्पों तक नहीं बांधा जा सकता. वे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासक और देश के भविष्य के नेता भी बन सकते हैं.
18 हजार क्यूसेक नहरी पानी खेतों तक पहुंचा
मुख्यमंत्री ने कृषि और सिंचाई व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों का भी जिक्र किया, उन्होंने बताया कि सरकार ने नहरी नेटवर्क को मजबूत किया है, जिससे उन खेतों तक भी पानी पहुंचाया जा रहा है, जहां दशकों से सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध नहीं था.
उनके मुताबिक, मजबूत नहर नेटवर्क के जरिए अब करीब 18,000 क्यूसेक पानी खेतों तक पहुंच रहा है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इससे किसानों की भूजल पर निर्भरता कम हुई है और कई इलाकों में भूजल स्तर में एक से पांच मीटर तक सुधार हुआ है, उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नहरी पानी को खेतों के आखिरी छोर तक पहुंचाने के साथ पंजाब के जल संसाधनों को सुरक्षित रखना भी है.
खेल और रोजगार से युवाओं को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब की खेल परंपरा को फिर से मजबूत करने के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं.
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में एक साथ काम कर रही है. सरकार का लक्ष्य पंजाब के हर घर तक रोजगार और खुशहाली पहुंचाकर राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना है, उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से पूरी ईमानदारी के साथ प्रदेश के लोगों की सेवा करने की अपील की.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









