UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. बारिश का दौर थमने के बाद सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. कई इलाकों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा दिखाई दे रहा है, जबकि दोपहर में निकलने वाली धूप से मौसम सामान्य बना हुआ है. इस बीच चक्रवाती तूफान अर्नब का असर भी खत्म हो चुका है. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहेगा. सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है. इस क्षेत्र में बारिश या बूंदाबांदी का कोई अनुमान नहीं है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अधिकांश जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. सुबह के वक्त कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है.
लखनऊ में सुबह ठंड
राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की ठंड के साथ कोहरा छाने का अनुमान है. दिन बढ़ने पर आसमान साफ होगा और धूप निकलेगी. दोपहर बाद हल्के बादल भी दिखाई दे सकते हैं. यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और मथुरा में भी मौसम शुष्क रहेगा. वहीं वाराणसी, रायबरेली, अयोध्या और प्रयागराज में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 से 7 नवंबर तक प्रदेश के दोनों संभागों में बारिश की संभावना नहीं है. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है. हालांकि अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. यानी दिन में धूप और सुबह-रात में ठंड का असर बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









