Delhi Traffic Update : रविवार को दिल्ली की सड़कों पर निकलने की योजना बना रहे हैं तो थोड़ा सतर्क हो जाइए. राजधानी में आज दो बड़े आयोजनों के कारण कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. एक तरफ रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली आयोजित होनी है, तो दूसरी ओर पश्चिमी दिल्ली में सिख समुदाय की पदयात्रा निकाली जाएगी. इन दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को कुछ रास्तों से बचने की सलाह दी है.
रामलीला मैदान में होने वाली रैली के चलते मध्य दिल्ली में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. जरूरत के मुताबिक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है. आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट के आसपास वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है.
कई प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड से बचकर निकलने की सलाह दी है. हालांकि, एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.
पश्चिमी दिल्ली में भी बदलेंगे रास्ते
दूसरी ओर, सिख समुदाय की पदयात्रा हरि नगर डीटीसी डिपो से शुरू होकर जेल रोड के रास्ते तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी. इसके चलते सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात प्रभावित हो सकता है. लाजवंती चौक से तिलक नगर के बीच जेल रोड की दोनों तरफ की सड़कें कुछ समय के लिए बंद की जा सकती हैं.
वाहन चालकों के लिए सेवा मार्ग, पंखा रोड और मायापुरी रोड वैकल्पिक रास्ते होंगे.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें. जरूरी काम से निकलने वाले लोग पहले से अपना रास्ता तय करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









