Uttar Pradesh

वाराणसी में पुलिस टीम पर फायरिंग, सिपाही को लगीं 3 गोलियां, हालत गंभीर

Varanasi Police Firing : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ही गोलियां चला दी गईं. लंका थाना क्षेत्र के नरिया तिराहे पर शुक्रवार देर शाम हुई इस वारदात में कांस्टेबल अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने उन पर तीन गोलियां चलाईं, जो पेट, पीठ और हाथ में लगीं, उन्हें गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

पुलिस टीम पर फायरिंग की खबर मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया. साथी पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई.

इसी बीच लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच दूसरी मुठभेड़ हो गई. इस दौरान राज विश्वकर्मा नाम का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी पहचान गड़वा घाट निवासी प्रदीप विश्वकर्मा के बेटे के रूप में हुई है.

घायल सिपाही का इलाज जारी

शुरुआती जांच में राज का नाम कांस्टेबल अमित शुक्ला पर फायरिंग की घटना से जुड़ा है. हालांकि, पूछताछ में उसने दावा किया कि उसने पुलिसकर्मी पर गोली नहीं चलाई थी. पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है.

बताया जा रहा है कि सिपाही पर हमले में कुल तीन लोग शामिल थे. इनमें से दो आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. इस घटना के बाद कांग्रेस नेता अजय राय ने वाराणसी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल, घायल सिपाही का इलाज जारी है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है.

ये भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, त्योहारों पर घर पहुंचना होगा आसान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button