UP PET 2026 : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET 2026 शुक्रवार, 30 अक्टूबर से शुरू हो गई है. इस परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा को नकलमुक्त और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
आयोग के मुताबिक, PET का आयोजन 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा. इसके लिए प्रदेश के 60 जिलों में कुल 1,372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है.
60 जिलों में स्कूल बंद
परीक्षा का असर स्कूलों पर भी पड़ा है. जिन 60 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक के स्कूल बंद रहेंगे. हालांकि, जिन जिलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, वहां स्कूल सामान्य रूप से संचालित होंगे.
सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो लखनऊ समेत सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. राजधानी लखनऊ में 45 केंद्र बनाए गए हैं. यहां प्रत्येक केंद्र पर एक सब-इंस्पेक्टर, दो पुरुष कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई है. इसके अलावा PAC के 92 जवान भी सुरक्षा संभाल रहे हैं.
15 जिले परीक्षा केंद्रों से बाहर
इस बार नकल और पेपर लीक रोकने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है. UPSSSC ने विशेष कंट्रोल रूम बनाया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से संदिग्ध गतिविधियों और सॉल्वर गैंग पर नजर रखी जा रही है. वहीं, यूपी एसटीएफ की टीमें भी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रही हैं.
आयोग ने अंबेडकरनगर, अमेठी, बलिया, वाराणसी समेत 15 जिलों को परीक्षा केंद्रों की सूची से बाहर रखा है.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दूध खरीदने वालों को झटका, 8 रुपये महंगा हुआ दूध, जानें क्या हैं नई कीमतें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









