Uttar Pradesh

नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वालों के लिए खुशखबरी, अब हर 6 मिनट में मिलेगी मेट्रो सेवा

Noida Metro : नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मेट्रो यात्रियों के लिए राहत की खबर है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) एक्वा लाइन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव करने जा रहा है. 1 नवंबर से पीक ऑवर्स में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की तैयारी है. नए टाइम टेबल के तहत व्यस्त समय में ट्रेनें करीब 6 मिनट 35 सेकेंड के अंतराल पर चलेंगी. फिलहाल यह अंतराल लगभग साढ़े सात मिनट है.

इस बदलाव से सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्कूल, कॉलेज और दफ्तर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन के लिए कम इंतजार करना पड़ सकता है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण होगा.

देर रात तक मिल सकती है मेट्रो सेवा

NMRC देर रात मेट्रो संचालन का समय बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रहा है. प्रस्ताव के अनुसार, नोएडा सेक्टर-51 स्टेशन से डिपो स्टेशन की ओर आखिरी ट्रेन रात 11:25 बजे चल सकती है. हालांकि, इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला होना बाकी है. फिलहाल इस रूट पर 13 ट्रेनें संचालित हैं और एक अतिरिक्त ट्रेन रिजर्व में रखी जाती है.

एक्वा लाइन पर यात्रियों का रिकॉर्ड

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को इस रूट पर 1,05,358 यात्रियों ने सफर किया. यह अब तक एक दिन में दर्ज की गई सबसे अधिक यात्री संख्या बताई गई है. आमतौर पर इस रूट पर रोजाना करीब 85 हजार से 90 हजार लोग यात्रा करते हैं.

NMRC यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए टिकटिंग व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड और फुटओवर ब्रिज के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी पर भी काम कर रहा है. बता दें कि एक्वा लाइन करीब 29.7 किलोमीटर लंबी है और इसमें 21 स्टेशन हैं. यह मेट्रो लाइन नोएडा को ग्रेटर नोएडा से जोड़ती है.

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu की जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला, 4 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button