MLC Election Result : विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और बिहार में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस को अब तक एक भी सीट नहीं मिली है. खास बात यह है कि कर्नाटक में पार्टी की सरकार होने के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली. वहीं, बीजेपी ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई सीटों पर जीत दर्ज की है.
कांग्रेस ने चार राज्यों की 28 सीटों में से 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली. उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था. महाराष्ट्र में पार्टी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा, जहां मतगणना के दौरान उसके उम्मीदवार पीछे चल रहे थे. बिहार में भी कांग्रेस को झटका लगा और पार्टी अपने लड़े गए चुनावों में जीत हासिल नहीं कर सकी.
इस चुनाव की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि कांग्रेस लगातार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही है. विधान परिषद की इन सीटों पर भी बैलेट पेपर से मतदान हुआ, लेकिन पार्टी को इसका कोई चुनावी फायदा नहीं मिला. नतीजों के बाद विरोधी दलों ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है.
कांग्रेस के भीतर उठे सवाल
बिहार के नतीजों पर कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने चिंता जताई, उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार के परिणाम चिंताजनक हैं और नेताओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से संगठन की कमियों को दूर करने की अपील की. उनका कहना था कि प्रचार के लिए उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई थी और वह अपनी मर्जी से सदाकत आश्रम पहुंचे थे.
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी पार्टी के प्रदर्शन को अच्छा नहीं बताया, उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन बेहतर हो सकता था और इस हार के कारणों पर संबंधित प्रभारियों से जवाब लिया जाना चाहिए.
दूसरी ओर, बीजेपी ने 22 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें जीतने का दावा किया है. इन नतीजों ने कांग्रेस के संगठन और उम्मीदवारों के चयन पर नई बहस छेड़ दी है.
ये भी पढ़ें- Tamil Nadu की जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला, 4 गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









