Uttar Pradesh

UP में आ रहा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’, आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर को लेकर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. कुछ क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.

हालांकि, बुधवार 28 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यहां आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है. इसके विपरीत, पूर्वांचल के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका

मौसम के इस बदलाव का असर सोनभद्र, प्रयागराज, चित्रकूट, मीरजापुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर और देवरिया समेत कई जिलों में देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में कहीं-कहीं बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.

राजधानी लखनऊ में बुधवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन आज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, अगले दिनों में मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना है.

29 और 30 अक्टूबर को बढ़ सकती है मुश्किल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 30 अक्टूबर को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu की जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला, 4 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button