Delhi Pollution : दिल्ली में ठंडक बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण ने भी चिंता बढ़ा दी है. बुधवार को राजधानी की हवा खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) का पहला चरण लागू कर दिया गया. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
बुधवार, 21 अक्टूबर की सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 दर्ज किया गया था. दोपहर तक यह बढ़कर 244 से 245 के बीच पहुंच गया. प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने जीआरएपी-1 लागू करने का फैसला लिया. मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के अनुमानों में भी आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई गई थी.
आज साफ रहेगा आसमान
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार, 22 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह दक्षिण-पश्चिम दिशा से 5 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
बुधवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. पालम में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें 1 से 3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव संभव है.
पानी का छिड़काव और वाहनों की जांच होगी
जीआरएपी के पहले चरण के तहत सड़कों की मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव किया जाएगा. निर्माण स्थलों पर धूल रोकने, कचरा जलाने पर प्रतिबंध लगाने और वाहनों के प्रदूषण जांच प्रमाणपत्रों की जांच जैसे उपाय किए जाएंगे. अंतरशहरी बसों पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
राजधानी में मौसम फिलहाल साफ रहने का अनुमान है, लेकिन प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









