Delhi NCR Security : दशहरे के अवसर पर दिल्ली-NCR में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रावण दहन, धार्मिक जुलूसों और पूजा आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 13 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा पुलिस हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जबकि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में करीब 10 हजार, गुरुग्राम में 2,200 और फरीदाबाद में 1,200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. प्रमुख मंदिरों, पूजा पंडालों, मेलों और जुलूसों वाले इलाकों में विशेष निगरानी की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने के साथ चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना है.
गुरुग्राम में 66 जगहों पर रावण दहन
गुरुग्राम में 66 रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. इनमें 12 बड़े और 54 छोटे आयोजन स्थल शामिल हैं. इसके अलावा शहर में 17 धार्मिक जुलूसों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल सेवाओं और प्रत्येक पुलिस जोन की क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट पर रखा गया है.
शाम 5 से 8 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
दशहरे के कार्यक्रमों को देखते हुए शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कई सड़कों पर यातायात में बदलाव लागू किए गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी अपडेट जरूर देख लें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें.
जॉइंट सीपी सुमन गोयल के मुताबिक, संभावित भीड़ और संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर उचित इंतजाम किए गए हैं. द्वारका समेत अन्य इलाकों में वीआईपी आवाजाही को देखते हुए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









