Delhi Weather : दिल्ली में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को राजधानी में अक्टूबर का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. सफदरजंग मौसम केंद्र पर पारा गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार यानी 20 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, रात और सुबह के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ का दिख सकता है असर
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उससे सटे पंजाब के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है.
तापमान में गिरावट के बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी नजर बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 139 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. विभाग के अनुमान के मुताबिक, 21 अक्टूबर से हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है.
पिछले 24 घंटों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान हवा में नमी का स्तर 39 से 96 प्रतिशत तक दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









