Punjab

सीमा पार से हथियार और विस्फोटक तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, एक AK-47 राइफल और दो हैंड ग्रेनेड सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार

Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अमृतसर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक व्यक्ति को AK-47 असॉल्ट राइफल, मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस और दो जिंदा हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के साथ अवैध हथियार और विस्फोटक सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. यह जानकारी पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने दी.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह के रूप में हुई है. 28 वर्षीय नवजोत सिंह तरनतारन के गांव चीमा का रहने वाला है और पेशे से ट्रक ड्राइवर है. हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के साथ पुलिस टीमों ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है. पुलिस के मुताबिक, इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल खेपों की सप्लाई के लिए किया जाता था.

विदेशी तस्करों से जुड़े होने की प्रारंभिक जानकारी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है, उन्होंने बताया कि आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल था. पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.

खुफिया सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

ऑपरेशन की जानकारी देते हुए आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस की विशेष टीमों ने अभियान चलाया. इस दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी को रोककर हिरासत में लिया गया.

तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने मैगजीन और जिंदा कारतूसों सहित एक AK-47 असॉल्ट राइफल तथा दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए.

इन अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी (जांच) रमनदीप सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में अंजाम दी गई.

इस मामले में एफआईआर नंबर 425, दिनांक 30-09-2026 को अमृतसर ग्रामीण के थाना घरिंडा में दर्ज की गई है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपी के कथित संबंधों तथा हथियारों की सप्लाई से जुड़े आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने का प्रयास जारी है.

ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button