
Punjab News : पंजाब में ‘मावां-धीआं सत्कार योजना’ के तहत 36.87 लाख महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर की तीन महीने की दूसरी किस्त सीधे ट्रांसफर की गई है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गोइंदवाल साहिब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1,262.54 करोड़ रुपये की राशि जारी की. पात्र महिलाओं को तीन महीने के लिए 3,000 से 4,500 रुपये तक की सहायता मिल रही है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मुताबिक, इससे पहले 73.99 लाख महिलाओं को 2,562.33 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जा चुकी है. नई किस्त को मिलाकर योजना के तहत अब तक 3,824.87 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करना है.
एक परिवार की सभी पात्र महिलाओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना में ऐसी कोई शर्त नहीं है कि एक परिवार से सिर्फ एक महिला को ही राशि मिलेगी. अगर किसी परिवार में तीन महिलाएं पात्र हैं तो तीनों को सम्मान राशि मिल सकती है, उन्होंने बताया कि करीब 97 फीसदी महिलाएं योजना के लिए पात्र होंगी और सरकार ने इसका लाभ एक करोड़ महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.
मान ने बताया कि महिलाओं के पंजीकरण में 1.37 लाख ‘सत्कार सखियों’ ने योगदान दिया है, उन्हें प्रोत्साहन के तौर पर अब तक 51 करोड़ रुपये से अधिक दिए जा चुके हैं. पंजीकरण में सहयोग कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी 25 करोड़ रुपये देने की बात कही गई है.
2027 को लेकर विपक्ष पर निशाना
कार्यक्रम में भगवंत मान ने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर भी निशाना साधा, उन्होंने दावा किया कि अगर ये दल सत्ता में आते हैं तो महिलाओं की सम्मान राशि, मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाएं बंद हो सकती हैं, उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लोगों से मिले टैक्स के पैसे को कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च कर रही है.
मुख्यमंत्री ने शिक्षा, किसानों के लिए दिन में बिजली, नहरी पानी और 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने समेत सरकार के अन्य कामों का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने पंजाब में यूपीएससी की तैयारी के लिए नए केंद्र खोलने की बात कही.
ये भी पढ़ें – पंजाब में बिजली कर्मचारियों की मांगों पर बैठक, वेतन विसंगति से नौकरी बहाली तक मुद्दों पर चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









