UP News : उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर किस तरह युवाओं और नए उद्यमियों को रक्षा एवं एयरोस्पेस विनिर्माण से जोड़ रहा है, इसकी कहानी डेटम एडवांस्ड कंपोजिट्स के सह-संस्थापक एवं उप प्रबंध निदेशक तन्मय तिवारी ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में साझा की.
यूके से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर भारत लौटे तन्मय तिवारी ने महज एक 1 BHK फ्लैट से अपनी कंपनी की शुरुआत की थी. आज उनकी कंपनी रक्षा क्षेत्र के लिए हल्के और उन्नत कंपोजिट उपकरण तैयार कर रही है.
डिफेंस एक्सपो के बाद भारत में कंपनी शुरू करने का लिया फैसला
तन्मय तिवारी ने बताया कि उन्होंने ब्रिटेन में करीब पांच साल बिताए और वहीं से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में स्नातक और परास्नातक की डिग्री हासिल की. वर्ष 2020 में लखनऊ में आयोजित डिफेंस एक्सपो के दौरान उन्होंने भारत के रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण क्षेत्र को करीब से समझा. डिफेंस एक्सपो में पांच दिन बिताने के बाद उन्होंने फैसला किया कि कंपनी की शुरुआत यूके के बजाय भारत में ही की जाएगी. वर्ष 2021 में परास्नातक की थीसिस पूरी करने के बाद वह भारत लौटे और डेटम एडवांस्ड कंपोजिट्स की शुरुआत की.
शुरुआत में बनाए कार्बन फाइबर और ग्लास फाइबर के पुर्जे
तन्मय ने बताया कि कंपनी की शुरुआती गतिविधियां एक छोटे से 1 BHK फ्लैट से शुरू हुईं. शुरुआत में कंपनी ने नागरिक क्षेत्र पर ध्यान दिया और कृषि ड्रोन, ऑटोमोबाइल तथा सुपरबाइक्स में इस्तेमाल होने वाले कार्बन फाइबर और ग्लास फाइबर के कंपोजिट पुर्जे तैयार किए.
कंपनी ने आईआईटी कानपुर के संपर्क में आकर अपने कंपोजिट नमूनों और परीक्षण कूपन की जांच कराई. परीक्षण के बाद यह पुष्टि हुई कि कंपनी के उत्पाद रक्षा क्षेत्र के मानकों को पूरा करने में सक्षम हैं.
इसके बाद कंपनी ने रक्षा क्षेत्र के लिए उत्पादन शुरू किया और अपनी क्षमता का विस्तार किया. एक छोटे शेड से शुरू हुई कंपनी आज कानपुर में करीब 20 हजार वर्गफुट की फैक्ट्री से संचालित हो रही है, जहां लगभग 40 लोगों की टीम काम कर रही है. कंपनी AS 9100 प्रमाणित है, जो एयरोस्पेस और रक्षा उद्योग में गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय मानक है.
UP डिफेंस कॉरिडोर में बनेगी नई अत्याधुनिक फैक्ट्री
तन्मय तिवारी ने बताया कि कंपनी अब उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में अपनी नई इंजीनियरिंग और विनिर्माण सुविधा स्थापित करने जा रही है. लखनऊ नोड में बनने वाली इस नई इकाई का निर्मित क्षेत्र करीब 70 से 80 हजार वर्गफुट होगा, जो मौजूदा सुविधा से लगभग चार गुना बड़ा होगा, उन्होंने बताया कि नई इकाई से करीब 200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार और लगभग 1,500 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है.
25 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी का लाभ
तन्मय तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में निवेश करने वाली कंपनियों को कई प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं. नई इकाई में किए जाने वाले पूंजी निवेश पर 25 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी का लाभ मिलेगा. इसके अलावा विदेश से आयात किए जाने वाले उपकरणों पर परिवहन संबंधी सब्सिडी और पेटेंट व ट्रेडमार्क के लिए प्रतिपूर्ति जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, उन्होंने कहा कि एक छोटे से फ्लैट से शुरू हुई कंपनी का अत्याधुनिक रक्षा विनिर्माण इकाई तक पहुंचना युवा प्रतिभा, नई तकनीक और सरकारी सहयोग से बने नए अवसरों का उदाहरण है.
ये भी पढ़ें- ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 251वां दिन, पंजाब पुलिस ने 648 स्थानों पर छापेमारी कर 305 लोगों को किया काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









