Udhampur Operation Sohan : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सुरक्षा बलों ने गुरुवार को बताया कि ‘ऑपरेशन सोहन’ के तहत चलाए गए अभियान में दो आतंकियों को मार गिराया गया है. यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर उधमपुर के ब्रत्तल इलाके में की गई.
सुरक्षा बलों के अनुसार, 16 और 17 सितंबर की दरम्यानी रात खुफिया इनपुट मिला था कि उधमपुर के ब्रत्तल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी है. इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में लक्षित अभियान शुरू किया.
खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद व्हाइट नाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया.
अभियान के दौरान दो आतंकी मारे गए
सुरक्षा बलों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया गया. हालांकि, मारे गए आतंकियों की पहचान और उनके किसी संगठन से जुड़े होने की जानकारी अभी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है.
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी भी हुई. तलाशी अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
सुरक्षा बलों के मुताबिक, अभियान अभी जारी है. इलाके में किसी अन्य खतरे की मौजूदगी का पता लगाने के लिए लगातार तलाशी और निगरानी की जा रही है. सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए हैं.मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2026 में अब तक जम्मू-कश्मीर में 15 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं. इन घटनाओं में 15 आतंकी मारे गए हैं, जबकि दो सुरक्षाकर्मियों ने शहादत दी है और तीन नागरिकों की भी मौत हुई है.
ये भी पढ़ें – सेमीकंडक्टर के ग्लोबल मंच पर यूपी की दस्तक, 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का दिल्ली में आयोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








