Haryana

सीएम नायब सिंह सैनी ने AAP सरकार पर साधा निशाना, पटियाला में गिनाईं हरियाणा की उपलब्धियां

Haryana News : पटियाला में जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में राजनीतिक बदलाव का दावा किया। उन्होंने AAP सरकार पर निशाना साधते हुए हरियाणा की आर्थिक विकास दर, स्वास्थ्य बजट, स्टार्टअप और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र किया। इस दौरान कई लोगों ने विभिन्न दलों को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के पटियाला में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। ककराला की धरती पर उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने इसे पंजाब में परिवर्तन की आहट बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब की पवित्र धरती पर आकर उन्हें खुशी हो रही है और भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी नए साथियों का स्वागत है।

कई लोगों ने छोड़ीं पार्टियां, भाजपा में शामिल होने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर सैकड़ों लोग भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला पंजाब के उज्ज्वल भविष्य, ईमानदार व्यवस्था और विकास की राजनीति के पक्ष में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा अलग-अलग राज्य जरूर हैं, लेकिन दोनों की जड़ें और संस्कृति एक जैसी हैं।

विकास दर और बजट को लेकर AAP सरकार पर निशाना

CM सैनी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य विकास की दौड़ में पीछे रह गया है और इसके लिए सही नीति, नीयत और नेतृत्व की कमी जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर 6.1 प्रतिशत है। उन्होंने दोनों राज्यों के आर्थिक आकार में करीब 5.38 लाख करोड़ रुपये के अंतर का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने काम से ज्यादा प्रचार और परिणाम से ज्यादा विज्ञापन पर ध्यान दिया।

स्वास्थ्य, स्टार्टअप और रोजगार के मुद्दे पर रखे आंकड़े

नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य बजट का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा का स्वास्थ्य बजट 12,840 करोड़ रुपये है, जबकि पंजाब का बजट 7,787 करोड़ रुपये है। स्वास्थ्य बजट में भी लगभग 5000 करोड रुपए से अधिक का अंतर। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा गांवों के विकास को भी पंजाब की तुलना में अधिक प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में करीब 12 हजार स्टार्टअप हैं, जबकि पंजाब में यह संख्या 2,368 है। महिला भागीदारी वाले स्टार्टअप की संख्या हरियाणा में करीब 6 हजार और पंजाब में 1,186 बताई।

नशे के खिलाफ अभियान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज पंजाब का हर परिवार नशे को लेकर चिंतित है। वहीं उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और पंचकूला में स्थापित अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय का उल्लेख किया।

भाजपा सरकार की योजनाएं गिनाईं

CM सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और युवाओं के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब की सेवा और समृद्धि के लिए आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में शामिल हो रहे लोगों का निर्णय पंजाब की बदलती राजनीति का संकेत है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला, बलूचिस्तान में 23 से ज्यादा जवानों की मौत, सेना के काफिले पर अटैक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button