BRICS Summit 2026 : दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS Leaders Summit 2026 का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देगा. भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. विदेशी मेहमानों और VIP काफिलों की आवाजाही के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे. ऐसे में इन तीन दिनों में दिल्ली आने-जाने वालों को अपना रूट पहले से तय करने की सलाह दी गई है.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू और भीकाजी कामा प्लेस समेत कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है.
इसके अलावा पुराना किला रोड, न्याय मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, APJ अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड से भी बचने की सलाह दी गई है.
22 जगहों पर डायवर्जन
VIP मूवमेंट के लिए पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं. इनमें पटेल चौक, जनपथ-कनॉट प्लेस, KG मार्ग आउटर सर्कल, RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट और राम चरण अग्रवाल चौक समेत कई प्रमुख जंक्शन शामिल हैं. धौला कुआं और मोती बाग फ्लाईओवर, लोधी रोड के जंक्शन, मंडी हाउस और रिंग रोड-बारापुला रोड पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है.
स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और पंचकुइयां रोड वाला रूट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. पुरानी दिल्ली स्टेशन के लिए ISBT से रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग का विकल्प रहेगा. निजामुद्दीन स्टेशन जाने वाले रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से जा सकते हैं.
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो को सबसे बेहतर विकल्प बताया है. सड़क मार्ग से जाने वालों के लिए गुड़गांव से NH-48 और UER-II होते हुए T3, जबकि द्वारका से सेक्टर-22 और UER-II टनल का रास्ता सुझाया गया है. दक्षिण दिल्ली से रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर होकर T3 पहुंचा जा सकता है.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








