Delhi NCRक्राइमबड़ी ख़बर

दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

Delhi Musician Murder : देश की राजधानी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुर के संगीतकार और म्यूजिक टीचर चोंगथाम विक्रम सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच और कार्रवाई कर रही है।

घर के बाहर शोर कर रहे थे कुछ लोग

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे किसी बड़ी वजह या पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह के घर के बाहर कुछ लोग शोर-शराबा कर रहे थे। शोर से परेशान होकर विक्रम सिंह नीचे गए और वहां मौजूद लोगों से आवाज कम करने के लिए कहा।

बात बढ़ी तो आरोपियों ने किया पीछा

आरोप है कि शोर कम करने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने विक्रम सिंह का पीछा किया और उन्हें बिल्डिंग के अंदर तक ले गए। बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल के कॉरिडोर में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बुरी तरह पीटा।

गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

हमले में विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि जब वह अधमरे हालत में पहुंच गए तो आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद विक्रम सिंह के बेटे ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल की रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण गंभीर ब्लंट-फोर्स ट्रॉमा से हुआ हेमरेजिक शॉक बताया गया है।

सात आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

ये भी पढ़ें – मान सरकार द्वारा लिखित भरोसे के बाद किसानों ने चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर चल रहा धरना समाप्त किया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button