राजनीति

तृषा विवाद पर CM विजय का सख्त संदेश, बोले- महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा नहीं होगी बर्दाश्त

Trisha Controversy : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सोमवार को विधानसभा में उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा में महिलाओं का अहम योगदान रहा है. ऐसे में वह महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र भाषा को स्वीकार नहीं करेंगे. अभिनेत्री तृषा कृष्णन से जुड़े विवाद की ओर इशारा करते हुए विजय ने कहा कि राजनीतिक आलोचना कितनी भी तीखी क्यों न हो, महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच विचारों को लेकर मतभेद हो सकते हैं और आलोचना भी हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि महिलाओं को व्यक्तिगत टिप्पणियों का निशाना बनाया जाए, उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है.

तृषा को लेकर विवाद के बाद प्रदर्शन

यह मामला डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की कथित टिप्पणी के बाद गरमाया. कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उदयनिधि ने अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी की थी. इसके विरोध में विजय की पार्टी टीवीके ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया. बाद में स्टालिन ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया और उन्हें रिहा कर दिया गया.

आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में गिरफ्तारी

इस बीच चेन्नई साइबर क्राइम पुलिस ने उद्यमी प्रवीन गणेशन को तृषा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में गिरफ्तार किया. 35 वर्षीय गणेशन हांगकांग से लौट रहे थे, तभी दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उन्हें हिरासत में लिया गया.

पोस्ट बाद में हटा दिया गया था

गणेशन ने एक्स पर दावा किया कि जून में किए गए एक पोस्ट को लेकर तमिलनाडु पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था. उनके मुताबिक, वह पोस्ट बाद में हटा दिया गया था.

तृषा को विजय के शपथ ग्रहण समारोह और हालिया स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भी देखा गया था. इस पूरे विवाद के बीच मुख्यमंत्री के बयान ने महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक भाषा की मर्यादा पर बहस को फिर चर्चा में ला दिया है.

ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button