Nayab Saini Punjab Visit : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब दौरे के दौरान रायपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब अमर शहीद बीबी शरण कौर जी में पहुंचकर माथा टेका। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर बीबी शरण कौर जी की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया और इसे अपना परम सौभाग्य बताया।
बीबी शरण कौर जी के बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीबी शरण कौर जी ने बड़े साहिबजादों और शहीद सिंहों के अंतिम संस्कार की सेवा का साहसपूर्ण दायित्व निभाया और स्वयं भी शहादत प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रायपुर की धरती त्याग, सेवा, साहस और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा की प्रतीक है।
पंजाब और देश की सुख-शांति के लिए की अरदास
सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा सहित पूरे देश और दुनिया में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बना रहे, यही उनकी गुरु चरणों में प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर आकर उन्हें हमेशा अपनेपन का अनुभव होता है।
सेवा और जनकल्याण को बताया सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु परंपरा हमें सेवा को जीवन का धर्म बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
बीबी शरण कौर जी के नाम पर बनेगा ऐतिहासिक गेट
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बीबी शरण कौर जी के नाम से ऐतिहासिक गेट बनाने के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी और समस्त साध संगत का आभार व्यक्त किया।
युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने गुरुओं के संदेश को जीवन में उतारने और बीबी शरण कौर जी जैसे महान बलिदानियों से साहस और सेवा की भावना सीखने का आह्वान किया। उन्होंने अरदास करते हुए कहा कि सभी के भीतर सेवा की विनम्रता, सत्य की दृढ़ता और शहीदों जैसा साहस पैदा हो।
ये भी पढ़ें- दुनिया का पहला इलेक्ट्रिक मालवाहक जहाज तैयार, बैटरी से चलेगा समुद्र का ये दिग्गज, बचाएगा डीजल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









