राष्ट्रीयविदेश

नेपाल में बाढ़ का रौद्र रूप, बालकनी में खड़े लोगों ने देखा मौत का मंजर, अब तक 633 मौत 2500 से अधिक लापता

नेपाल और तिब्बत में ग्लेशियर टूटने से आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। नेपाल में 633 लोगों की मौत और 2500 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। बाढ़ के बीच एक घर का वीडियो सामने आया है, जो तेज बहाव के बावजूद खड़ा रहा। राहत और बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है।

Nepal Floods : नेपाल और तिब्बत में आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही मची है। नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बीच एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। तेज बहाव और चारों तरफ पानी से घिरे होने के बावजूद एक घर मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है। आसपास की इमारतें और मलबा पानी के तेज बहाव में बहते नजर आए, जबकि घर की बालकनी में खड़े तीन लोग इस भयावह मंजर को देखते दिखे। वीडियो में कीचड़ से भरा पानी खतरनाक रफ्तार से बहता नजर आ रहा है। हालांकि, यह वीडियो नेपाल के किस इलाके का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

633 लोगों की मौत 2500 से ज्यादा लापता

नेपाल में युद्ध स्तर पर राहत और बचाव अभियान जारी है। बता दें कि भोटेकोशी नदी के ऊपरी हिस्से में बनी झील के अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल में 633 लोगों की मौत व 2500 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को झील में पानी का स्तर करीब 25 लाख क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया था। पानी ओवरफ्लो होकर ल्हेंदे खोला और फिर त्रिशूली नदी तक पहुंचा, जिसके बाद नेपाल में बचाव दलों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए थे।

बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही

ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल और तिब्बत में भारी नुकसान पहुंचाया है। हादसे में नेपाल में 633 और तिब्बत में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं दोनों क्षेत्रों में 2500 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल में बाढ़ से सड़क, पुल, मकान और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों और लापता नागरिकों की तलाश कर रही हैं।

नेपाल में सैकड़ों लोग अभी भी लापता

नेपाल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को 977 लोग अब भी लापता हैं। इनमें विदेशी नागरिकों के अलावा नेपाली सेना और पुलिस के जवान भी शामिल हैं। तिब्बत में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। वहां 558 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें कई विदेशी नागरिक शामिल हैं। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चीनी रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं।

चीन ने बड़े स्तर पर शुरू किया बचाव अभियान

तिब्बत में राहत कार्य के लिए चीन ने बड़ी संख्या में बचावकर्मियों और वाहनों को तैनात किया है। चीनी फायर एंड रेस्क्यू फोर्स के 681 जवान और 113 वाहन अभियान में जुटे हुए हैं। टीमें मलबे वाले इलाकों में पहुंचकर जीवित बचे लोगों की तलाश कर रही हैं।

चीन में फंसे 400 भारतीय सुरक्षित

नेपाल में आई बाढ़ के बाद चीन की ओर करीब 400 भारतीय नागरिकों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि सभी भारतीय नागरिकों से संपर्क हो चुका है और वे सुरक्षित हैं। वहीं 153 भारतीय चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, भारतीय दूतावास बीजिंग में फंसे नागरिकों, उनके ट्रैवल एजेंट और ग्रुप लीडर्स के संपर्क में है। रास्ते खुलने के बाद इन भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नेपाल सरकार ने विदेशी रेस्क्यू टीमों और विशेषज्ञों की मदद लेने को मंजूरी दे दी है। सरकार ने पहले विदेशी सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को अनुमति नहीं देने की बात कही थी, लेकिन अब भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया के एक्सपर्ट्स की सीमित मदद ली जाएगी।

ये भी पढ़ें- सरहद पार से चल रहे तस्करी मॉड्यूल, छह व्यक्ति 2.9 किलो हेरोइन व 8 पिस्तौल सहित गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button