UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पारिवारिक विवाद का मामला खूनी वारदात में बदल गया. गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार (20 अगस्त) को बैंक में तैनात महिला कर्मी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उनके पति मानस ने बैंक के बाहर ही उन्हें गोली मारी.
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका था. गुरुवार सुबह करीब 11:22 बजे मानस ने दिव्या को फोन करके बैंक के बाहर बुलाया. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद मानस ने कथित तौर पर बंदूक निकालकर दिव्या पर गोली चला दी.
घर पहुंचकर बहन को भी मारी गोली
गोली लगने से दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं, उन्हें इलाज के लिए लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार होकर हुसड़िया स्थित अपने घर पहुंचा.
पुलिस के अनुसार, घर पर मानस ने अपनी बहन विभा बाजपेई को भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. इस गोलीकांड में तीन लोगों की मौत हो गई.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
डीसीपी-ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं. फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
पुलिस ने दिव्या मिश्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- अमित शाह ने एसीबी पर दबाव डाल कर सत्येंद्र जैन को कराया गिरफ्तार- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









