Uttar Pradeshराजनीतिराज्य

सीएम योगी की जनप्रतिनिधियों से अपील, ‘जनहित से जुड़े हर मुद्दे को सदन में रखें’

Uttar Pradesh Assembly : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे को सदन में रखें और स्वस्थ चर्चा के जरिए प्रदेश के विकास को और गति प्रदान करने में सरकार का सहयोग करें। मुख्यमंत्री रविवार को विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक 3 अगस्त (सोमवार) से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र के संचालन को लेकर आयोजित की गई थी।

लोकतंत्र में संवाद बेहद महत्वपूर्ण: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है और सदन जनप्रतिनिधियों को संवाद करने का मंच प्रदान करता है। संवाद से निकले परिणाम जनोपयोगी होते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में विधानसभा ने पूरे देश में संसदीय कार्यप्रणाली का उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिससे लोकतंत्र मजबूत हुआ है। सदन स्वस्थ चर्चा-परिचर्चा के लिए जाना जा रहा है और यह उपलब्धि सभी दलों के नेताओं के सहयोग से संभव हुई है।

सकारात्मक संवाद से बदली यूपी की छवि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सकारात्मक संवाद का परिणाम है कि विगत 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश के बारे में देश-दुनिया की धारणा बदली है। उन्होंने कहा कि सदन में स्वस्थ चर्चा से प्रदेश के विकास को गति मिलती है और जनता की समस्याओं के समाधान का रास्ता भी निकलता है।

आमजन से जुड़े मुद्दों पर हो गंभीर चर्चा

बैठक में नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून सत्र में आमजन से जुड़े मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। इससे प्रदेश का विकास होता है और जनता की समस्याओं का समाधान भी होता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता के हित से जुड़े हर मुद्दे को सदन में गंभीरता से उठाने की अपील की।

सदन के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन के सुचारु संचालन के लिए सभी सदस्यों से सहयोग मांगा।

सर्वदलीय बैठक में कई प्रमुख नेता रहे मौजूद

बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त/संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, निषाद पार्टी विधानमंडल दल के नेता रमेश सिंह, अपना दल (एस) के आरके पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान आदि मौजूद रहे।

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button