Amritsar Borde : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमृतसर में BSF ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया. दाओके गांव के पास कंटीले तारों वाली सीमा बाड़ के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को जवानों ने गोली मार दी. फायरिंग में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना घरिंडा थाना क्षेत्र में हुई.
मृतक के पास से कोई पहचान-पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, इसलिए उसकी पहचान और राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं हो सकी है. BSF जवानों की शिकायत पर घरिंडा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है.
झाड़ियों में हलचल के बाद अलर्ट हुए जवान
घटना तड़के नियमित गश्त के दौरान हुई. BSF जवानों ने सीमा बाड़ के पास झाड़ियों में कुछ हलचल देखी. संदिग्ध व्यक्ति को झाड़ियों से बाहर आने के लिए कहा गया. कुछ देर बाद वह बाहर आया और कंटीले तारों वाली बाड़ की तरफ बढ़ने लगा.
जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह भारतीय सीमा की ओर आगे बढ़ता रहा. इसके बाद BSF ने फायरिंग की, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की जानकारी तुरंत घरिंडा पुलिस को दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. अधिकारी मृतक की पहचान और उसके सीमा पार करने के कारण का पता लगाने में जुटे हैं.
कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से कोई प्रतिबंधित सामग्री, संदिग्ध सामान या पहचान से जुड़ा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि वह व्यक्ति सीमा बाड़ तक क्यों पहुंचा.
आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से दाखिल होने के आरोप में BSF ने 53 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद रफीक काला को पकड़ा था. पूछताछ में उसने बताया था कि वह अपनी बहन से मिलने जा रहा था और रास्ता भटक गया.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









