Punjab News : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर. 2026) के तहत घर-घर गणना प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 13 अगस्त 2026 को मसौदा मतदाता सूचियों का प्रकाशन होगा. इसके साथ ही दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया 13 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जो 12 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी. यह अवधि कुल 31 दिनों की होगी. यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब अनिंदिता मित्रा ने दावों और आपत्तियों के संबंध में चुनाव अमले के प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दी. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ई.आर.ओ.), ए.ई.आर.ओ., ए.ई.आर.ओ.-1 और सहायक ई.आर.ओ. के लिए आयोजित किया गया था.
100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हुआ
अपने संबोधन में उन्होंने घर-घर गणना प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों (बी.एल.ओ.) द्वारा निभाई गई भूमिका की भरपूर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इन फ्रंटलाइन वर्कर्स की समर्पण भावना से किए गए कार्यों के कारण ही समय रहते पंजाब राज्य में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो सका. साथ ही, ए.एस.डी.डी. सूचियों में बहुत कम लोग शामिल हैं, जिस कारण बहुत सीमित संख्या में नोटिस जारी होंगे.
उन्होंने कहा कि इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य मतदाता को सूचियों से बाहर निकालना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नोटिस अवधि के दौरान राज्य के नागरिकों को सुविधाजनक माहौल प्रदान करना हम सभी का मूल कर्तव्य है, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े.
राजनीतिक दलों और मीडिया के संदेह दूर हुए
अनिंदिता मित्रा ने कहा कि जैसे एस.आई.आर. 2026 के पहले चरण के दौरान बड़े पैमाने पर किए गए कार्य को बिना किसी कमी के पूरा किया गया है, उसी प्रकार अब दावों और आपत्तियों के दौरान भी इस बात का पूरा ध्यान रखना है.
उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. 2026 शुरू होने से पहले राज्य के राजनीतिक दलों और मीडिया द्वारा कई प्रकार के संदेह व्यक्त किए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि चुनाव अमले की पारदर्शी और जवाबदेह कार्य प्रणाली के कारण घर-घर गणना शुरू होने के कुछ ही दिनों में राजनीतिक दलों और मीडिया के सभी संदेह दूर हो गए.
समय रहते आपत्तियां और दावे प्रस्तुत करें
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि नोटिस अवधि, दावों और आपत्तियों का निपटारा 13 अगस्त 2026 से 8 अक्टूबर 2026 के दौरान किया जाएगा, जो कुल 57 दिनों की अवधि होगी. इसके पश्चात 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन हो जाएगा.
उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि मसौदा मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद अपनी संबंधित जानकारी को जल्द से जल्द जांच लें, ताकि समय रहते आपत्तियां और दावे प्रस्तुत किए जा सकें, उन्होंने स्पष्ट किया कि 12 सितंबर 2026 के बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति और दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को आपत्ति और दावा अवधि, नोटिस अवधि तथा आपत्तियों और दावों के निपटान की अवधि से संबंधित सभी प्रक्रियाओं के बारे में बारीकी से अवगत कराया गया.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









